कुशीनगर में रिटायर शिक्षक के घर से बंदूक सहित लाखों की चोरी
कुशीनगर के अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित ग्राम सेन्दुरिया विशुनपुर में रिटायर शिक्षक के घर को सुनसान देखकर चोरों ने उसे अपना निशाना बना लिया। चोर लाखों के जेवर और घर में रखी लाइसेंसी बंदूक कारतूस समेत चुरा ले गए। चोरी की इस घटना की जानकारी होने पर क्षेत्रीय लोगों में सनसनी फैल गयी है।
सेन्दुरिया विशुनपुर गांव निवासी राजेन्द्र सिंह रिटायर शिक्षक हैं। शिक्षक का आवास गोरखपुर में भी है। गृहस्वामी अपने पूरे परिवार के साथ 22 जनवरी को गोरखपुर अपने आवास पर चले गए थे। 27 जनवरी सोमवार को दोपहर में वापस घर आने पर परिजन घर के मेन दरवाजे को टूटा व घर में सारा सामान बिखरा पड़ा देखकर दंग रह गए। तस्दीक करने पर पता चला कि चोर मेन दरवाजा तोड़कर घर में रखी बंदूक, 10 कारतूस, सोने का एक माला, सोने की पांच अंगूठी, सोने की दो झुमका, सोने का एक मंगलसूत्र, सोने के दो कंगन, सोने की दो चुड़ी, चांदी के पांच पायल, एक रंगीन एलईडी टीवी, 32 हजार रूपये नगदी समेत लगभग लाखों का समान लेकर चलता बने हैं।
गृहस्वामी ने डायल 112 नंबर पर फोन कर घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम छानबीन में जुट गई। इधर इस भीषण चोरी की घटना की जानकारी होते ही क्षेत्र के लोगों में सनसनी फैल गयी। इस संबंध में एसओ अहिरौली बाजार राहुल सिंह ने कहा कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गयी थी। घटना की छानबीन की जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिला है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।